रायपुर में शिक्षक हत्याकांड में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। सूत्रों का दावा है कि शिक्षक की हत्या के पीछे उसकी पत्नी का हाथ हो सकता है। अब तक पुलिस के सामने जो कहानी आई है उसमें शिक्षक की पत्नी और एक सिपाही के प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों काफी समय से प्रेम करते हैं और अब एक दूसरे के साथ रहने की चाह में उन्होंने शिक्षक को रास्ते से हटा दिया। पुलिस शिक्षक की पत्नी और सिपाही को गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इसमें कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया है। प्रभारी एसएसपी रिद्धिम अग्रवाल का कहना है कि जांच पूरी हो गई है शुक्रवार को इसका खुलासा किया जा सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जानकारी के मुताबिक सिपाही का नाम अमित पार्ले है, जो कि इस वक्त हरिद्वार जिले में तैनात है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में इस बात की तस्दीक की जा चुकी है कि जो व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में शिक्षक के साथ दिखा था वह सिपाही अमित ही था। बताया जा रहा है कि शिक्षक की पत्नी स्नेहलता और अमित दोनों स्कूल के जमाने से एक दूसरे को जानते हैं।
दोनों उसी समय से एक दूसरे से प्यार करने लगे थे। स्कूल से पासआउट होने के बाद दोनों अलग-अलग हो गए। कुछ दिन बाद अमित की पुलिस में नौकरी लग गई जबकि, महिला शिक्षक बन गईं। इस बीच साल 2005 में महिला के परिवार वालों ने उसकी शादी टिहरी जनपद निवासी किशोर सिंह चौहान से कर दी।