रुड़की क्षेत्र में स्कूल से लौट रही एक शिक्षिका से दिनदहाड़े दो बाइकसवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश इत्मीनान से चले गए। घर के पास हुई घटना से डरी सहमी शिक्षिका ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
रुड़की की रामनगर निवासी विभा शर्मा हसनपुर भगवानपुर स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। मंगलवार को वह दोपहर करीब पौने दो बजे स्कूल से घर लौट रही थी। रामनगर चौक पर वाहन से उतरकर वह पैदल ही घर की ओर जा रही थी। तभी रामनगर चुंगी के पास पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
शिक्षिका को पहले लगा कि कोई छात्र है, लेकिन इससे पहले ही वह कुछ समझ पाती एक बदमाश ने गले की चेन खींचने का प्रयास किया। इस पर शिक्षिका ने हाथ पकड़ लिया। तभी दूसरे बदमाश ने तमंचा निकालकर उसके सिर पर लगा दिया।
तमंचा देख शिक्षिका के उड़े होश
लूट की शिकार शिक्षिका
- फोटो : AmarUjala
तमंचा सटा देख शिक्षिका के होश उड़ गए। इसके बाद बदमाश आराम से चेन लेकर वहां से फरार हो गए। सहमी शिक्षिका ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
चेतक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में पड़ताल की। इस दौरान क्षेत्रवासियों में आक्रोश दिखा। उन्होंने कहा कि पहले भी क्षेत्र में कई बार चोरी और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई तो दूर केस भी दर्ज नहीं करती है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एक सेवानिवृत्त ब्लॉक कर्मी से बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले का खुलासा तो दूर आज तक केस भी दर्ज नहीं किया गया।