फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2014 में इन वारदातों से दहल गया उत्तराखंड

Wed, 31 Dec 2014 11:52 AM IST
विवेक सिंह/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
देवभूमि उत्तराखंड की छवि ऐसे राज्य की रही है जहां इक्का-दुक्का अपराध सुनाई देते रहे हैं लेकिन 2014 में अपराध की सनसनीखेज घटनाओं से पूरा प्रदेश हिल गया। अपराध की इन वारदातों से लोगों का गुस्सा तो भड़का ही, इसके साथ ही प्रदेश की शांत छवि में भी दाग लगा दिया। आइए ऐसी वारदातों पर एक नजर डालते हैं।
विज्ञापन


युवक और युवती को टुकड़े-टुकड़े काट डाला
8 सितंबर को उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में नानकमत्ता डैम के किनारे सीढ़ियों के पास युवक-युवती की टुकड़ों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान विजयपाल गंगवार (30) के रूप में हुई जबकि युवती पीलीभीत की रहने वाली थी। दोनों बनबसा स्थित धस्माना अस्पताल में काम कर रहे थे। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी आशीष धस्माना को गिरफ्तार किया।

दोनों की बेरहमी से हत्या की गई थी। झाड़ी में युवती और बोरे में युवक का धड़ नग्नावस्था में पड़ा हुआ था। एक अन्य बोरे में दोनों के कटे हुए हाथ-पैर भरे थे जबकि दोनों शवों के सिर बाद में दूसरी जगह से बरामद हुए।
विज्ञापन


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवक-युवती की सिर और हाथ-पैर काटने से उनकी मौत हुई। गला घोंटने से आसान मौत होती, लेकिन हत्यारों ने राक्षसी तरीके से उन्हें धारदार हथियारों से अंग-अंग काट-काटकर मौत के घाट उतारा। यहां तक कि गुप्तांग भी काट डाला।

मृतका के साथ हत्यारों ने बेहद क्रूरता दिखाते हुए उसके अंतरंग अंगों में पत्थर और रेत तक भर दी। रिपोर्ट में इस तरफ भी इशारा किया गया था कि युवक-युवती के हाथ, पैर और गर्दन जिस तरह से काटे गए हैं वह या तो कोई डॉक्टर कर सकता है या फिर कसाई।

मृतक विजय विवाहित था। उसकी तीन बेटियां हैं। वहीं युवती तलाकशुदा थी। उसकी एक बेटी है। युवती का ससुरालियों के साथ कोर्ट में मुकदमा चल रहा था।

द‌िवाली की रात बेटे ने किया पूरे परिवार का खून

दीपावली की रात देहरादून की पाश कॉलोनी में अपने ही खून ने खून की ऐसी होली खेली कि राजधानी दहल गई। दून एडवाइजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जय सिंह, उनकी पत्नी, गर्भवती बेटी और तीन साल की नातिन की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई।

इस चौहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि जयसिंह का अपना ही खून उनकी दूसरी पत्नी का बेटा हरमीत सिंह था। घर में अलग-अलग कमरों में सो रहे लोगों के शरीर को चाकू से बुरी तरह से गोदा गया था। पुलिस का कहना है कि सभी के शरीर पर कुल 46 वार किए गए। मृतकों के शरीर से इतना खून बहा है कि वह घर के बाहर तक फैल गया था।

चकराता रोड स्थित आदर्श नगर में दून एडवाइजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार जय सिंह (60) परिवार के साथ रहते थे। बृहस्पतिवार तड़के करीब 5 बजे जय सिंह की दूसरी पत्नी के 22 वर्षीय बेटे हरमीत सिंह ने जय सिंह, उनकी पहली पत्नी कुलवंत कौर (55), गोद ली गई और यमुनानगर में ब्याही गर्भवती बेटी हरजीत कौर (29) उसकी बेटी सुखमणि (3) की चाकू से बेरहमी से गोदकर हत्या कर दी।

हरजीत कौर के 7 साल के बेटे कंवलजीत सिंह को भी चाकू मारकर घायल किया था, लेकिन उसकी जान बच गई। वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तब हुई जब जय सिंह की नौकरानी काम करने के लिए आई।

हरजीत कौर की सांसें चल रही थी। उसे तत्काल पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया। सात साल के कंवलजीत की कमर में चाकू से दो वार किए लेकिन उसकी जान बच गई।

चकराता घूमने आए टूरिस्ट कपल की हत्या, रेप

उत्तराखंड के चकराता घूमने आए टूरिस्ट कपल की हत्या ने न केवल क्षेत्र बल्क‌ि सरकार द्वारा पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खडे कर द‌िए। दिल्ली निवाली अभिजीत पाल (26) और उसकी प्रेमिका चकराता घूमने आए थे। 23 अक्तूबर को चकराता में चुंगी के पास उन्हें मुख्य आरोपी बोलरो चालक राजू दास पुत्र मोहन दास मिला। दोनों ने टाइगर फाल जाने के लिए वाहन बुक करने की बात कही।

राजू ने सवारियां छोड़कर उन्हें ले जाने की बात कही। सवारियां छोड़ने के बाद जब राजू चुंगी पहुंचा तो उसके साथ वाहन में बबलू पुत्र ज्ञानू, गुड्डू पुत्र खन्या दास, कुंदन पुत्र मदी दास भी सवार हो गए। राजू ने इन्हें रास्ते में छोड़ने की बात कही थी।

टाइगर फाल से लौटते वक्त युवकों ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब अभिजीत ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो रस्सी से गला घोटकर मार डाला। शव को बोलेरो की पिछली सीट पर डाल दिया और इस बाद बबलू ने युवती के साथ चलती बोलेरो में दुष्कर्म किया और फिर चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

इसके बाद लाखामंडल स्थित यमुना पुल से उन्होंने युवती के शव को नदी में और नौगांव से दो किमी आगे उन्होंने युवक के शव को भी खाई में फेंक दिया।

आरोपी चालक ने हत्या के बाद अभिजीत का मोबाइल लेकर इस्तेमाल करने की वजह से पकड़ा गया। पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ‌लिया।

पानी की टंकी पर धू-धूकर जला छात्रनेता, वीड‌ियो

नैनीताल जिले में छात्रसंघ चुनाव की रंजिश आत्मदाह तक पहुंच गई। 4 नवंबर को पुलिस कार्रवाई के खिलाफ और कोतवाल को हटाने की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता ने आग लगाकर जान दे दी।

रामनगर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई में टकराव के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बौखलाए एनएसयूआई कार्यकर्ता कोतवाल को तत्काल हटाने की मांग पर अड़ गए और आत्मदाह की धमकी दे दी।

कार्यकर्ता रामनगर स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच कुछ कार्यकर्ता टंकी पर चढ़ गए। टंकी पर चढ़े कार्यकर्ताओं में से पैठपड़ाव निवासी रोहित पुत्र आनंद बल्लभ पांडे ने अपने ऊपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। पूरा रामनगर बाजार आनन-फानन में बंद ‌कर‌ दिया गया।

हालत गंभीर होने पर रोहित को दिल्ली रेफर कर दिया गया। जहां छह दिन बाद रोहित की मौत हो गई। रोहित की मौत की आंच से पूरा प्रशासन हिल गया। रोहित की अंतिम यात्रा में पूरा रामनगर उमड़ पड़ा था।

वीड‌ियो देखने के ल‌िए नीचे क्ल‌िक करें।



सात साल की मासूम से रेप के बाद हत्या

उत्तराखंड के हल्द्वानी से सात साल की मासूम के साथ दरिंदे ने हैवानियत की हदें पार कर दी। अपहण के बाद मासूम के साथ दुष्कर्म किया। अपहरण के पांच दिन बाद 25 नवंबर को मासूम की लाश गौलापार के जंगलों में झाड़ियों के नीचे पड़ी मिली।

मासूम का मुंह से खून से सना था। थप्पड़ मारने से उसके गाल काले पड़ गए थे। पूरे शरीर पर खरोंच के निशान थे। अंडरगारमेंट्स और पैरों पर खून के छींटे पड़े हुए थे। इस दरिंदगी को देख मौके पर पहुंचे हर किसी का कलेजा कांप गया।

बता दें कि पिथौरागढ़ जिले की लाडली (काल्पनिक नाम) 18 नवंबर को शीशमहल स्थित शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने माता-पिता के साथ आई थी। 20 नवंबर को रिसेप्शन के दौरान एक ट्रक चालक ने साथियों के साथ उसका अपहरण कर लिया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी।

डॉक्टरों ने बताया कि दुष्कर्म के दौरान मासूम के मुंह अत्यधिक खून निकला और उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने संदिग्ध डंपर चालक को एसटीएफ ने देर रात लुधियाना (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी शिनाख्त पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना के विरोध में पूरे प्रदेश में उग्र विरोध प्रदर्शन हुए। लाडली के परिजनों से मिलने गए सीएम हरीश रावत को भी लोगों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने सीएम की गाड़ी पर हमला कर दिया।
विज्ञापन

मां, भाई और भाभी को तलवार से काट डाला

टिहरी जिले की उप तहसील गजा के गुमाल गांव में एक सिरफिरा अपनों के ही खून का प्यासा बन बैठा। युवक ने मां, भाई और भाभी की तलवार से काटकर निर्मम हत्या कर दी।

शनिवार 13 दिसम्बर को क्वीली पट्टी के गुमाल गांव में संजय सिंह (27) पुत्र राम सिंह ने भाभी कांता देवी (24), बड़े भाई सुरेंद्र सिंह (36) और मां मीना देवी (65) पर तलवार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

कांता देवी सुबह 10.30 बजे बकरी चुगाने जंगल गई थी। वहीं घात लगाए बैठे देवर संजय ने तलवार से वार कर सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद संजय ने दूसरे गांव से घर लौट रहे भाई सुरेंद्र सिंह पर पीछे से तलवार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

जब मां मीना देवी को घटना की जानकारी मिली, तो वह घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ी। जहां रास्ते में संजय ने मां को भी तलवार से वार कर मौत की नींद सुला दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक और तलवार के साथ खुद को अपने ही घर के एक कमरे में कैद कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस बल पहुंच गया। 16 घंटे के अभियान के बाद पुलिस ने कमरे में आंसू गैस छोड़कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पहाड़ में हुए इस तिहरे हत्याकांड से पूरा गढ़वाल हिल गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें