सर्विस टैक्स के मामले के निस्तारण के लिए दस लाख रुपये की घूस लेने के आरोपी डीजी सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस के असिस्टेंट डायरेक्टर एके मिश्रा सहित विभाग के चार अफसरों के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में सोमवार को चार्जशीट दाखिल की गई।
सीबीआई ने सर्विस टैक्स के छापे के निस्तारण के लिए दस लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोपी असिस्टेंट डायरेक्टर एके मिश्रा एवं आफिस के तीन अन्य अधिकारियों सीनियर इंटेलीजेंस आफिसर सतेंद्र सिंह मूल निवासी गाजियाबाद एवं हाल नेहरू कॉलोनी, इंटेलीजेंस आफिसर विवेक कुमार पांडे निवासी नेहरू कॉलोनी, इंटेलीजेंस आफिसर अवनीश कुमार गुप्ता निवासी तपोवन एन्क्लेव सहस्त्रधारा रोड देहरादून को डीजी सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस ऑफिस के पास से इसी वर्ष फरवरी में गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट
सीबीआई के डिप्टी एसपी आईएमएस नेगी, इंस्पेक्टर तेज प्रकाश देवरानी, अनिल चंदोला, आरपी शर्मा, एसएस मयाल ने इनकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए इन्हें पांच दिन की रिमांड पर लिया था। सीबीआई ने इनके पास से कुछ फाइलें, वायस रिकॉर्डिंग सहित कुछ अन्य दस्तावेज भी बरामद किए थे। सीबीआई ने सोमवार को इस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी।
यह है मामला
डीजी सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस के हाल ही में खुले आफिस में कुल छह अधिकारी थे, इसमें से चार लोग दस लाख रुपये की घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किए गए।