उत्तराखंड के नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में नवनियुक्त एसएसपी को चार्ज लिए अभी मुश्किल से तीन दिन भी नहीं हुए कि काशीपुर और हल्दूचौड़ (नैनीताल) में हथियारबंद बदमाशों ने दोनों नये कप्तानों को चुनौती देते हुए डकैती डाल दी। हल्दूचौड़ में तो डकैतों ने हद कर दी। यहां उन्होंने कुष्ठरोगियों को भी नहीं छोड़ा।
डकैतों ने कुष्ठरोगियों को भी नहीं छोड़ा
हल्द्वानी के हल्दूचौड़ में मोतीनगर (हाथीखाल) स्थित कुष्ठ आश्रम के रोगियों पर शनिवार की देर रात डकैतों का जमकर कहर बरपाया। डकैतों ने कुष्ठ रोगी महिला और पुरुषों सहित 12 लोगों पर हमला कर उनको एक घंटे तक बंधक बना लिया और उनके कमरों से करीब चार लाख रुपए की नगदी और जेवरात लूटकर छह डकैत चंपत हो गए।
सुबह जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर पुलिस ने घायलों का उपचार कराया। घायलों में गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डकैतों के तांडव की सूचना मिलने पर श्रम, सेवायोजन एवं दुग्ध विकास मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने आश्रम पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और जिले के अधिकारियों को घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।
मोतीनगर (हाथीखाल) स्थित कुष्ठ आश्रम में शनिवार देर रात सशस्त्र डकैत घुस गए। उन्होंने शांति देवी पर हमला कर 32 हजार रुपए बक्से से लूट लिए। इसके बाद बगल के कमरे में सो रहे नैनराम को पीटकर उसे चारपाई से बांध दिया। बदमाशों ने नैनराम की जेब से 5500 रुपए निकाल लिए।
अनुली देवी (55) के पास से 20 हजार, रुद्र सिंह (50) से 30 हजार, नंदी देवी (60) से 20 हजार, भवानी (50) से 60 हजार, लीला देवी से 10 हजार, नर राम (50) से 20 हजार, खुर्शीदन पत्नी इमाम शाह उर्फ हेमामालिन से कान के झुमके, हार नगदी सहित 50 हजार, देवकी देवी (52) से 50 हजार, धरम राम से 30 हजार, मुन्नी देवी से एक हजार रुपए, कान, गले और पैर के जेवरात सहित 12 लोगों से लूटपाट की।
आश्रम के प्रधान मोहन सिंह ने बताया कि वह मदर टेरेसा चर्च में गार्ड की ड्यूटी करने गए थे। उन्होंने लोगों द्वारा दान दी गई 50 हजार की नकदी एक तिजोरी में रखी थी। डकैत तिजोरी भी उठा ले गए। हथियारबंद डकैतों ने कुष्ठ रोगियों को करीब एक घंटे बंधक बनाए रखा। चीखने पर वे हमला कर चुप करा दे रहे थे।
दो डकैत पहाड़ी भी बोल रहे थे। कुत्तों की आवाज और शोर सुनकर एक कुष्ठ रोगी ने झाड़ियों के बीच छिपकर शोर मचाया तो डकैत भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व ग्राम प्रधान हरीश भट्ट मौके पर पहुंचे।
उन्होंने तत्काल मंडी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पूछताछ कर रात में ही लौट गई। सुबह अधिकारियों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पूछताछ कर छानबीन में जुट गई। घायलों में आठ लोगों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह और एसडीएम ने घायलों को मदद देने का भरोसा दिलाया।