क्या भूरा को छुड़ाने की साजिश में दिल्ली के मुंडका विधान सभा क्षेत्र के निर्दलीय विधायक रामवीर शौकीन का भी हाथ रहा? बागपत की पुलिस ने तो अब यही मान लिया है।
भूरा फरारी केस में शौकीन और उसके भांजे नीरज बवाना को केस डायरी में साजिश रचने ( धारा 120) का आरोपी बनाया है। विधायक को पूछताछ के लिए बागपत बुलाया भी गया है। इसके लिए शनिवार को उनके दफ्तर पर नोटिस तामील कराया।
बागपत पुलिस शुरू से यही कह रही थी कि भूरा को छुड़ाने की साजिश शौकीन के नांगलोई स्थित दफ्तर में बनी। दिल्ली के दोहरे हत्याकांड में फरार चल रहा उसका एक लाख का इनामी भांजा नीरज बवाना षड्यंत्र का मुख्य सूत्रधार रहा। उसने ही बदमाश जुटाए, जो भूरा को 15 दिसंबर की सुबह बागपत से छुड़ाकर ले गए।
विधायक को होना होगा पेश
बागपत एएसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया निर्दलीय विधायक रामवीर शौकीन और नीरज बवाना को साजिश रचने का आरोपी बनाया। विधायक के दफ्तर पर नोटिस तामील करा दिया है। उन्हें सात दिन में बागपत पुलिस के सामने आना होगा। उनसे भूरा की फरारी के बारे में पूछताछ होगी।
उधर, पुलिस सूत्रों ने बताया यह लिखा- पढ़ी तब की गई है, जब विधायक ने भूरा को पकड़वाने और पुलिस से लूटे हथियार बरामद कराने से इनकार कर दिया। पुलिस पहले विधायक पर दबाव बनाकर दोनों काम करने की कोशिश में लगी थी।
बागपत पुलिस ने विधायक के दफ्तर पर कई बार तगड़ी दबिश दी थी। एक बार तो पुलिस के पहुंचने से ऐन पहले विधायक दफ्तर से खिसक गए थे। उधर, पुलिस सूत्रों ने कहा दिल्ली पुलिस अभी विधायक को आरोपी बनाने के पक्ष में नहीं थी।
दिल्ली पुलिस नहीं चाहती थी आरोपी बनाना
दिल्ली पुलिस का कहना था कि पहले भूरा मिल जाए। उसके बयान के आधार पर विधायक को मुलजिम बनाया जाएगा, लेकिन बागपत पुलिस का तर्क अलग था। बागपत पुलिस ने कहा जब सब कुछ साफ हो गया तो देरी क्यों?
उसे तो पुलिस ने भगाया है ...
बागपत। भूरा को छुड़ाने की साजिश रचने के आरोपी बॉबी ने पुलिस रिमांड पर हुई पूछताछ में दूसरे दिन उल्टे सीधे जवाब दिए। उसने गुस्से में कहा और लोगों से क्या पूछते हो, भूरा को तो पुलिस ने भगाया है। उसे खुली छूट दे रखी थी पेशी पर, वो भागता नहीं तो क्या करता?
कहा एक दिसंबर को वह हथकड़ी वाले हाथ पर कपड़ा बांधकर खुला घूम रहा था। पुलिस उससे दूर थी। इसका फायदा उठाकर उसे बदमाश छुड़ाकर ले गए। उधर, दिल्ली में पकड़े रवि चौहान को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने शनिवार को बी वारंट दिल्ली की पटियाला कोर्ट में दाखिल कर दिया।