पत्नी से भेल सेक्टर एक में परिचित के घर जाने की बात कहकर निकले भेल के सीनियर डीजीएम अनिल जौहरी (50, निवासी भेल सेक्टर-5) का क्षत-विक्षत शव रविवार देर रात हरिद्वार के भगत सिंह चौक के सामने रेलवे ट्रैक पर मिला।
हादसा मानकर पुलिस कर रही जांच
पुलिस घटना को हादसा मानकर जांच कर रही है। देर रात करीब साढे़ 12 बजे ज्वालापुर पुलिस को सूचना मिली की ट्रैक पर एक शव पड़ा हुआ है। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत, रेल चौकी प्रभारी दिलमोहन बिष्ट, पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक पर बिखरे शरीर के अंगों को एकत्रित किया।
इसी दौरान मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान भेल के सीनियर डीजीएम अनिल जौहरी के रुप में हुई है। चौकी प्रभारी दिलमोहन बिष्ट के मुताबिक पत्नी ने बताया है कि पति रविवार शाम आठ बजे घर से भेल सेक्टर एक में किसी परिचित के घर जाने की बात कहकर निकले थे।
उन्होंने बताया कि डीजीएम के माता-पिता योगी विहार में रहते हैं। घटनास्थल से मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। डीजीएम का एक बेटा और दो बेटियां हैं। सीनियर डीजीएम अनिल जौहरी भेल आफिसर्स क्लब के सेकरेटरी भी रह चुके हैं।
हादसा या सुसाइड
इंजीनियर की मौत हादसा है या सुसाइड। इस निष्कर्ष पर पुलिस अभी तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस हर बिंदु की छानबीन कर रही है।
दबी जुबां में पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि कहीं डीजीएम ट्रैक किनारे योगी विहार स्थित घर तो नहीं जा रहे थे, हो सकता है कि इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गए हों। पूछताछ में पत्नी ने डिप्रेशन की बात से इंकार किया है।
भेल में शोक की लहर
सीनियर डीजीएम अनिल जौहरी की मौत की खबर मिलते ही भेल में शोक छा गया। शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने भेलकर्मी दिनभर पहुंचते रहे।