गंगानगर क्षेत्र में मकान मालिक ने कमरा खाली कराने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग किराएदार की धुनाई कर दी। घायल बुजुर्ग का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
70 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा पत्नी कमलेश (65) के साथ गंगानगर में सोमेश्वर मंदिर के सामने किराए के मकान में रहते हैं। आरोप है कि मकान मालिक कई दिनों से उन पर कमरा खाली करने का दबाव बना रहा था।
हाथापाई पर उतारू हो गया
सोमवार अपराह्न मकान मालिक अपने तीन साथियों के साथ उनके कमरे में आ धमका और गाली गलौज करने लगा। शर्मा ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह हाथापाई पर उतारू हो गया।
आरोप है कि मकान मालिक और उसके साथियों ने शर्मा की धुनाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बमुश्किल मामला शांत कराया और घायल बुजुर्ग का सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग के तीन दांत टूटे हैं। पुलिस ने बताया कि मारपीट के आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।