फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

5 रुपये की फेवीक्विक से ATM हैकिंग का नया तरीका, आंखों के सामने ऐसे बैंक खाता हो जाता है खाली

Tue, 25 Sep 2018 02:12 AM IST
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन

एटीएम कार्ड यूज करते हैं तो सावधान हो जाइए। पांच रुपए की फेविक्विक से हैकर्स कैसे लाखों की चपत लगाते हैं इसका तरीका देख पुलिस भी सकते में आ गई। ठगी के आरोपियों ने पूछताछ में अपराध के तरीकों का भी खुलासा किया।

विज्ञापन


पता चला कि वे महज पांच रुपये की फेविक्विक से लाखों के वारे न्यारे कर लेते थे। यही नहीं वे एटीएम के एक ऐसे बटन की जानकारी भी रखते हैं, जिसे कुछ पल के लिए मशीन हैंग हो जाती है। इसके बाद वे लोगों का कार्ड बदलकर उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।

एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने पूछताछ के आधार पर बताया कि आरोपी अपने साथ फेविक्विक रखते थे। इसे मशीन के कीपैड के कुछ बटनों पर लगा दिया जाता था। गिरोह के सदस्य किसी बहाने से लोगों के साथ एटीएम में घुस जाते थे। 

विज्ञापन

इस तरह से देखते थे एटीएम का पिन

फेविक्विक लगे होने के कारण कीपैड के बटन काम नहीं करते तो लोग बार बार पिन दबाते थे। इसी बीच ये लोग उनका पिन पैटर्न देख लेते थे। साथ ही पैसे नहीं निकलने पर लोगों को मदद की पेशकश करते थे।

हालांकि, चिपका होने के कारण कीपैड तब भी काम नहीं करता था, लेकिन गिरोह के सदस्य लोगों को बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल देते थे और हूबहू वैसा ही दूसरा कार्ड पकड़ा दिया जाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य दूसरे एटीएम में जाकर लोगों के खातों से पैसे निकाल लेते थे। 

इसके अलावा ये लोग एक ऐसे बटन भी जानते हैं, जिसे दबाने से मशीन कुछ पल के लिए हैंग हो जाती है। मशीन को हैंग करने के बाद आरोपी लोगों को उलझाकर उनका कार्ड बदल लेते थे। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग बैंकों के चार एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। 
 

चार शातिर एटीएम ठग चढ़े पुलिस के हत्थे

एटीएम कार्ड बदलकर व अन्य तरीकों से ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से कुल 14 हजार रुपये नगद और एक कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार कई राज्यों में सक्रिय इस गिरोह में 20 से 25 लोग शामिल हैं। ये सभी आरोपी अलग-अलग जगहों पर विभिन्न तरीकों से घटना को अंजाम देते थे। सोमवार को एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गत 20 अगस्त को शकुंतला पत्नी भगवान सिंह निवासी डाकरा के साथ कैंट क्षेत्र के एक एटीएम में धोखाधड़ी हुई थी। आरोपियों ने शकुंतला का एटीएम कार्ड बदला और उनके खाते से 1.09 लाख रुपये उड़ा लिए थे।
 
विज्ञापन

पूछताछ में पैसे चोरी की बात कबूली

शकुंतला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू की। इस बीच एटीएम के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की गई तो पता चला कि बाहर एक कार खड़ी थी। आरोपी इसी कार में सवार होकर फरार हुए थे।

कार के नंबर की मदद से मालिक का पता चला। उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रख जांच की गई। इसी कड़ी में पुलिस ने जहींद्र कुमार उर्फ अरुण कुमार निवासी उत्तरांड कॉलोनी, सदर बाजार, पंकज निवासी मलीपुर रोड, ग्राम पिंजौरा, कोतवाली देहात, विशाल निवासी अमरदीप कॉलोनी और संदीप निवासी लक्ष्मीपुर कॉलोनी सहारनपुर को गिरफ्तार किया। संदीप के पास से कुल 14 हजार रुपये नगद बरामद हुए।

पूछताछ में उन्होंने शकुंतला के खाते से पैसे निकालने की बात कबूली। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि आरोपियों ने देहरादून के अलावा सहारनपुर के बेहट, छुटमलपुर, बिहारीगढ़, रामपुर एकता विहार, आगरा, मुरादाबाद, मध्य प्रदेश के कई शहरों में घटनाओं को अंजाम दिया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें