मंदिर से निकाले गए पुजारी ने बदला लेने के लिए डिप्टी जेलर को बाइक से टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पडे़।
डिप्टी जेलर की तहरीर पर झाझरा (सहसपुर) पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बाइक चढ़ाने से पहले की गाली गलौज
घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। विकासनगर स्थित सुद्धोवाला जेल में तैनात डिप्टी जेलर जयप्रकाश द्विवेदी ने तहरीर में कहा शुक्रवार की शाम को वह पत्नी के साथ पैदल ही सुद्धोवाला गए हुए थे।
इस दौरान विजय प्रसाद भट्ट वहां बाइक से आ पहुंचा, जो कुछ साल पूर्व तक जेल परिसर में स्थित मंदिर में पुजारी था। उसने बाइक डिप्टी जेलर के आगे लगाकर गालीगलौच की।
इसे अनदेखा कर वह आगे बढ़ गए। पुजारी ने बाइक से उनका दोबारा पीछा किया और टक्कर मार दी। इसके बाद वह फरार हो गया।
मंदिर से निकालने की वजह से थी रंजिश
बताया जा रहा है कि डिप्टी जेलर ने पुजारी को मंदिर से निकाल दिया था। वह जेल परिसर में स्थित सरकारी आवास में ही रह रहा था। इसे खाली कराने पर भी विवाद चल रहा है।
वहीं से सटी जमीन पर ही उसने मकान बना लिया है। निकाले जाने के बाद से ही उसकी डिप्टी जेलर से रंजिश चल रही है। थानाध्यक्ष यशपाल बिष्ट ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।