नौ माह पूर्व पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
टिहरी के चंबा ब्लॉक के जाख निवासी कुंदन दास 27 मई 2014 को अपनी ससुराल ग्राम कोठी पट्टी मखलोगी में पत्नी को लेने गया था। ससुराल में पत्नी से झगड़ा होने के चलते कुंदन ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी।
ससुर ने दर्ज कराया मुकदमा
मृतक के पिता पिंगल दास ने अपनी बहू पुष्पा देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला राजस्व चौकी कोठी में दर्ज करवाया था। मामले की जांच राजस्व पुलिस को सौंपी गई।
राजस्व पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर पाई थी, जिसके चलते पीड़ित परिजनों की मांग पर करीब एक माह बाद मामला रेगुलर पुलिस को सौंपा गया था।
पुलिस की जांच के बाद गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक मुख्तार मोहसिन ने मामले की जांच ढुंगीधार के चौकी प्रभारी सुखपाल सिंह को सौंपी थी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गहन छानबीन कर मृतक की पत्नी पुष्पा को मंगलवार को गिरफ्तार कर सीजेएम की अदालत में पेश किया गया। सीजेएम ने आरोपी महिला को 24 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।