ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
इनामुल्ला बिल्डिंग में दुकान के सामने कार खड़ी करने को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के कई लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस बीच कुछ लोगों को चोटें भी आईं। टकराव यहीं नहीं रुका, कुछ लोगों ने वहां दुकानों में तोड़फोड़ भी कर डाली। मामला बढ़ता देख स्थिति को काबू करने के लिए मौके पर पुलिस पहुंच गई और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात तक पुलिस वहां तैनात रही।
बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे गांधी रोड स्थित इनामुल्ला बिल्डिंग की गली में एक दुकान के सामने किसी व्यक्ति ने कार खड़ी कर दी। कार किसी दूसरी दुकान के ग्राहक की थी। इसी बात को लेकर दोनों दुकानदार आपस में भिड़ गए। विवाद होते देख वहां दोनों तरफ के लगभग 70-80 लोग वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि झगड़े में एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड से भी वार किया गया है, जिसे इलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। टकराव बढ़ने पर शहर कोतवाली समेत कई थानों के पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस आने के बाद दोनों पक्ष शांत हो गए। इस बीच कुछ नेताओं की आवाजाही भी घटनास्थल पर लगी रही। पुलिस और नेताओं के हस्तक्षेप से विवाद शांत हो गया। एसएसआई अशोक कुमार राठौर ने बताया कि किसी पक्ष से तहरीर नहीं दी गई है। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौते की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, देर रात तक न तो मामले में कार्रवाई हुई और न ही समझौता ही किया गया।