देहरादून में आशियाना बनाने का सपना देखने वाले जालसाजों के हाथ लुट रहे हैं। जमीन और फ्लैट दिलाने के नाम पर चार अलग-अलग मामलों में करीब 82 लाख रुपये ठग लिए गए। एसआईटी भूमि की जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आया है। आईजी संजय गुंज्याल ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पिछले पांच दिन में जमीन के नाम पर तीन करोड़ से अधिक की ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।
पटेलनगर के गुरु रोड निवासी भाजपा नेता विशाल शर्मा ने राजपुर थाने में अभियोग पंजीकृत कराया कि मालसी में प्रॉपर्टी डीलर राजीव मारवाह ने पत्नी कविता मारवाह और भाई संजीव मारवाह के साथ मिलकर जमीन बेचने का झांसा दिया। विश्वास में पेशगी के नाम पर 42 लाख रुपये थमा दिए गए। कुछ दिन गुमराह करने के बाद आरोपी पक्ष ने न तो जमीन का बैनामा किया और न ही रकम वापस की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
फ्लैट के नाम पर दूसरी ठगी बसंत विहार थाना क्षेत्र में हुई। अलकनंदा एनक्लेव निवासी विनोद कुमार सब्बरवाल ने बताया कि अर्जुन एनक्लेव ग्रीन के महादेव सिंह और राजेंद्र अग्रवाल ने फ्लैट दिलाने के नाम पर उनसे 39 लाख रुपये लिए थे। भरोसा दिया था कि एक साल में उन्हें फ्लैट पर कब्जा दिला दिया जाएगा। लेकिन न तो फ्लैट दिलाया गया और न ही रकम वापस की। पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में मामला दर्ज कर लिया है।
पटेलनगर के रीठा मंडी निवासी अरविंद भी ऐसी ही ठगी का शिकार हो गए। पुलिस को बताया कि पटेलनगर क्षेत्र के शारिक, साजिद समेत छह लोगों से मूलचंद एनक्लेव में एक जमीन का सौदा हुआ था। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेज के आधार पर करीब एक लाख रुपये ठग लिए। चौथा मुकदमा बीएस चौहान ने मंतरा अपार्टमेंट निर्माण सोसायटी के अधिकारियों के खिलाफ फ्लैट के अनुबंध की शर्तों का पूरा न करने का दर्ज कराया है। उनका कहना है कि कब्जा तो दे दिया, लेकिन अनुबंध की अनदेखी करते हुए सुविधाओं में कटौती की गई है।
एसआईटी टीम का 9 नवंबर को सम्मान
जमीन घोटालों में तीन सौ के करीब मुकदमे दर्ज कराने के साथ दो सौ जालसाजों की गिरफ्तारी करने वाली एसआईटी की टीम को नौ नवंबर को सम्मानित किया जाएगा। आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि इससे टीम में शामिल इंस्पेक्टर, दारोगा और कांस्टेबल का मनोबल बढ़ेगा।