ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
बाइक फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे युवक को सीपीयू ने दबोच लिया। आरोपी की बाइक सीज कर उसके खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
बुधवार को सीपीयू उपनिरीक्षक बलदीप सिंह और कांस्टेबल सुनील पंवार मोहकमपुर फाटक पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार बिना हेलमेट के आता दिखा। सीपीयू को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा। सीपीयू कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। एल्कोमीटर से जांच करने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इंश्योरेंस के आधार पर सीपीयू ने मोटर साइकिल के नंबर की डिटेल कंट्रोल रूम से मंगवाई तो वह मुकेश चंद के नाम पर मिली। जांच में वाहन का चेसिस नंबर और इंजन नंबर अलग मिला।
चालक ने पूछताछ में अपना नाम डोईवाला निवासी अमरीश बताया। उसने बताया कि 2014 में उसे शादी में दहेज के रूप में मोटरसाइकिल मिली थी, जिसका उसने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया। सीपीयू से बचने के लिए उसने फर्जी नंबर प्लेट लगा ली। सीपीयू ने उसके खिलाफ नेहरू कॉलोनी में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।