ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
साइबर अपराधाें के बढ़ते ग्राफ के मद्देनजर अब प्रदेश के तमाम थानाें को मिनी साइबर थाने का दर्जा दिया जाएगा। इस कड़ी में सभी थानों के तीन कर्मचारियाें को साइबर क्राइम से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि 20 मई से पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र सहस्त्रधारा रोड प्रदेश के सभी 156 थानों के तीन-तीन पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया है। प्रशिक्षण पांच दिन तक चलेगा। इसमें करीब 378 पुलिसकर्मी भाग लेंगे। प्रशिक्षण में थाना कार्यालय के मुख्य आरक्षी के अलावा दो पुलिसकर्मी शामिल होंगे। इनमें एक महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियाें को अपराधियों द्वारा प्रयोग की गई तकनीक की जानकारी दी जाएगी। साथ ही साइबर अपराध में विवेचना के गुर बताए जाएंगे। प्रशिक्षण के बाद इन पुलिसकर्मियाें का साइबर अपराध, सोशल मीडिया और आईटी एक्ट के दुरुपयोग से जुड़े मुकदमे की विवेचना में सहयोग लिया जाएगा।