ब्यूरो अमर उजाला, रुड़की
कम लागत का मार्बल भेजने का आरोप लगाते हुए कारोबारी ने राजस्थान की एक कंपनी के दो ट्रकों को अपने कब्जे में ले लिया। इस पर कारोबारी की फैक्ट्री में जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी ली। कारोबारी ने बताया कि उसने जिस लागत का मार्बल मंगाया था, उससे बहुत कम लागत (हल्की गुणवत्ता) का पत्थर भेजा गया है। इससे उन्हें लाखों का नुकसान हुआ। कारोबारी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मतलबपुर के पास लेख सिंह की एसएस ट्रेडर्स के नाम से मार्बल का गोदाम है। लेख सिंह के अनुसार, वह राजस्थान के किशनगढ़ से मार्बल मंगाते हैं। इसके लिए वह वहां की कंपनी को एडवांस में रकम भी जमा कर देते हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले दो ट्रक मार्बल मंगाया था और उसकी कीमत कंपनी के खाते जमा कर दी थी। शनिवार को मार्बल लेकर दो ट्रक राजस्थान से उनके गोदाम पर पहुंचे। लेख सिंह की मानें तो उन्होंने पत्थर की गुणवत्ता देखी तो वह वह कम लागत की थी, जबकि उन्होंने अच्छे मार्बल के लिए कीमत चुकाई थी। उन्होंने कंपनी मालिक से फोन पर जानकारी ली तो उसने वही मार्बल के आर्डर मिलने की बात कही। इस पर कारोबारी ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर गोदाम के अंदर खड़ा करा दिया। इससे ट्रक चालकों से उनकी नोकझोंक हो गई और हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। लेख सिंह की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। एसएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।