ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
सिविल लाइंस स्थित एक सुनार की दुकान से लाखों के जेवर चोरी हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुनार ने दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों पर शक जताया है। वहीं, पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। साथ ही दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जादूगर रोड निवासी आशीष गुप्ता की सिविल लाइंस में लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शुक्रवार को वह दुकान में रखी ज्वेलरी की जांच कर रहे थे। इसी बीच उन्हें सोने की चार चेन और अन्य ज्वेलरी गायब मिली। उन्होंने ज्वेलरी गायब होने के बारे में कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार रात सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि सुनार की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि शक के आधार पर कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।