घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने दंपति पर घर में घुसकर मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। केदारपुरम निवासी वादिनी का आरोप है कि केदारपुरम निवासी अनीश सकलानी और उसकी पत्नी प्रीति सकलानी ने घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दोनों से उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नौकर पर चोरी का आरोप, मुकदमा दर्ज
देहरादून। रेसकोर्स निवासी अरिहंत जैन ने नेहरू कॉलोनी थाने में घर के नौकर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। अरिहंत का आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी के जरिये पिपराखुर्द, बिहार निवासी दिनेश कुमार को नौकरी पर रखा था। दिनेश शुक्रवार को घर का काफी सामान लेकर भाग गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिनेश को तलाश की बात कह रही है।
सरकारी जमीन पर कब्जा करने का मामला दर्ज
देहरादून। रायपुर पुलिस ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने और निर्माण करने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। राजस्व उप निरीक्षक आत्माराम सैनी के अनुसार आमवाला तरला में कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है।