ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
अवैध री-फिलिंग रोकने को लेकर कई बार सख्त निर्देश देने के बावजूद गैस एजेंसियां आपूर्ति विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं। मंगलवार को गैस एजेंसी के गोदाम में ही अवैध री-फिलिंग पकड़े जाने के बाद यह बात और पुख्ता हो गई। अब बृहस्पतिवार को आपूर्ति विभाग ने दोबारा सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई है।
मंगलवार को जोगीवाला स्थित आधुनिक गैस एजेंसी के गोदाम में अवैध री-फिलिंग पकड़ी गई थी। यहां बेखौफ होकर गोदाम इंचार्ज अन्य कर्मचारियों के साथ अवैध री-फिलिंग कर रहा था। इससे पहले लक्खीबाग और चकराता रोड पर भी आपूर्ति विभाग अवैध री-फिलिंग पकड़ चुका है। यहां भी एजेंसी कर्मियों की संलिप्तता सामने आई थी। विभाग इन मामलों में औपचारिकता के तौर पर नोटिस जारी कर और केस दर्ज करा अपने कार्य से इतिश्री कर लेता है, एजेंसियों पर कार्रवाई के नाम पर विभाग का रवैया उदासीन रहता है। जिस वजह से गैस एजेंसियों के हौसले बुलंद हैं। हरिद्वार रोड स्थित आधुनिक गैस एजेंसी में अवैध रिफीलिंग का मामला सामने आने के बाद अब आपूर्ति विभाग ने बृहस्पतिवार को सभी गैस एजेंसियों की बैठक बुलाई है।
.........................
इन निर्देशों की उड़ रही धज्जियां
-किसी भी एजेंसी से बिना वर्दी और पहचान पत्र के कोई भी हॉकर सिलेंडर वितरण करने नहीं जाएगा।
-सिलिंडर ले जाने वाली गाड़ी पर जाली लगी होनी चाहिए।
-जब भी गैस एजेंसी से गाड़ी बाहर निकले तो एजेंसी के पास इसकी पूरी डिटेल होनी चाहिए।
-सभी डिलीवरी ब्वाय के पास तराजू हो ताकि ग्राहक सिलिंडर का वजन करने के बाद ही ले।
.......................
एक साल में जब्त किए 229 सिलिंडर
शहर में अवैध री-फिलिंग कितने बड़े पैमाने पर चल रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते एक वर्ष में आपूर्ति विभाग अलग-अलग कार्रवाई में 229 सिलिंडर जब्त कर चुका है।
..............
कोट::
अवैध री-फिलिंग और गैस की कालाबाजारी रोकने को हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। अब दोबारा से बृहस्पतिवार को एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाई गई है। जो आदेश नहीं मानेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अवैध री-फिलिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- विपिन कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी
..........................
अवैध री-फिलिंग को लेकर हमारे ऊपर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। कोई एजेंसी ऐसा काम नहीं कर रही है। अब हम बैठक में आपूर्ति अधिकारियों से बात करेंगे।
- चमनलाल, अध्यक्ष, गैस एजेंसी एसोसिएशन