ब्यूरो/ ऋषिकेश। रुद्रपुर के मेट्रो कॉलेज निवासी एक युवक द्वारा गुमानीवाला निवासी युवती को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर आरोपी की धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए हैं। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार को गुमानीवाला निवासी एक व्यक्ति ने नामजद तहरीर में बताया कि उसकी 22 वर्षीय बेटी को रुद्रपुर के मेट्रो कॉलेज निवासी अश्वनी पुत्र संजय नामक युवक मोबाइल पर लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि युवती ने आरोपी को कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। परिजनों से बात कराने के बावजूद भी लगातार धमकी मिलने पर बुधवार को युवती के पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के फोन नंबर की डिटेल भी पुलिस खंगाल रही है। धरपकड़ के लिए पुलिसकर्मियों को रुद्रपुर रवाना किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।