लक्सर। दाबकी कलां गांव में नाली सफाई के दौरान की गई मारपीट के मामले में पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचे प्रधानपति ने कोतवाल पर अभद्रता करने का आरोप लगा कर जमकर हंगामा किया । हंगामा देखते हुए कोतवाल ने प्रधानपति को छोड़ दिया और पीड़ित की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दाबकी कलां गांव निवासी जसवीर सिंह प्रधानपति सत्यवीर के साथ कोतवाली पहुंचा। जसवीर का आरोप है कि गांव के ही ओमपाल , सोनू और वाजिद ने उसे नाली सफाई का काम करने से रोका । जसवीर ने जब उन लोगों से कहा कि उसे काम पर ग्राम प्रधान ने रखा है और वह उसके कहे बिना काम बंद नहीं करेगा। तो आरोप है कि उक्त तीनों लोगों ने जसवीर को गांव की गलियों में ही दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शनिवार की देर शाम प्रधानपति पीड़ित मजदूर को साथ लेकर उनकी शिकायत करने के लिए लक्सर कोतवाली पहुंचे । आरोप है कि लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय प्रधानपति के साथ ही अभद्र व्यवहार किया। उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। जानकारी मिलते ही प्रधानपति के सैकड़ों समर्थक लक्सर कोतवाली पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ता देख कोतवाल ने जनप्रतिनिधि को छोड़ दिया। वहीं जसवीर सिंह की तहरीर पर आरोपी ओमपाल व मोनू और वाजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर कोतवाल अमरचन्द शर्मा का कहना है कि जनप्रतिनिधि द्वारा की गई शिकायत पर दूसरे पक्ष को भी गांव से बुलवाया गया था। उनके साथ किसी प्रकार का अभद्रता नहीं की गई है।