ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
भाजपा नेता व राष्ट्रीय वित्तीय समिति के सदस्य अमित कपूर ने बृहस्पतिवार को एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद आर्य से मुलाकात की। इसके बाद भाजपा नेता ने एसपी ट्रैफिक के साथ चकराता और जीएमएस रोड का दौरा किया और क्षेत्र की समस्याओं से रूबरू कराया।
अमित कपूर ने एसपी ट्रैफिक को बताया कि फ्लाईओवर बनने के बाद से जीएमएस रोड पर कई समस्याएं बढ़ गई हैं। अमित कपूर के अनुसार मार्ग संकरा होने के कारण पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं बची है। वाडिया संस्थान के सामने डिवाइडर का कट बंद होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस कट के बंद होने से बल्लूपुर चौक पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। वहीं बल्लूपुर चौक पर ट्रैफिक सिग्नल सही न होने के कारण भी अक्सर जाम की स्थिति रहती है। निरीक्षण के दौरान अमित कुमार ने एसपी ट्रैफिक को यातायात व्यवस्था सुधार के लिए कई सुझाव भी दिए। एसपी ट्रैफिक ने जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार कराने का आश्वासन दिया है।