बुजुर्ग और युवक ने फांसी लगाकर दी जान
-रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग और पटेलनगर थाना क्षेत्र में युवक ने लगाई फांसी
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को एक बुजुर्ग और एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। बुजुर्ग की आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जबकि युवक के आत्मघाती कदम के बारे में पुलिस जांच की बात कह रही है।
पहला मामला रायपुर थाना क्षेत्र के मयूर विहार क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार अमन विहार निवासी पवन कुमार अरोड़ा (66) घर के पास में ही परचून की दुकान चलाते थे। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे वे दुकान बंद कर घर पहुंचे तो किसी बात को लेकर परिजनों से झगड़ा हो गया। इसके बाद पवन ने खाना भी नहीं खाया और अपने कमरे में चले गए। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे परिजनों ने कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो पवन कुमार फंदे से लटकते दिखे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मयूर विहार चौकी प्रभारी ने सिपाहियों की मदद से पवन कुमार को फंदे से नीचे उतरवाया। हालांकि पवन अरोड़ा की मौत हो चुकी थी।
वहीं दूसरा मामला आईएसबीटी क्षेत्र का है। यहां आईएसबीटी के एमडीडीए फ्लैट में अकेले रहने वाले एक युवक ने भी फांसी लगा ली। युवक की पहचान नवाज निवासी गंदेवड़ा, फतेहपुर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आईएसबीटी चौकी प्रभारी मनमोहन सिंह नेगी के अनुसार नवाज लोडर चलाता था। कुछ दिन पहले ही उसका परिवार बाहर गया था। इन दिनों वह घर में अकेला था। पड़ोसियों की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम से जांच कराई गई है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।