ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गुमानीवाला में शहीद विकास गुरुंग के नाम से लगाए गए बोर्ड पर मिट्टी पोतने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने राजनीतिक द्वेष के चलते इस घटना को अंजाम देने की बात कही है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीती 16 सितंबर की रात को अज्ञात ने गुमानीवाला मार्ग पर शहीद विकास गुरुंग के नाम पर लगे बोर्ड पर मिट्टी पोत दी थी, जिसके बाद विकास गुरुंग के पिता रमेश गुरुंग ने तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने गांव में लगभग 65 ग्रामीणों से पूछताछ की। काफी जद्दोजहद के बाद आरोपी की पहचान हरि सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश के रूप में हुई। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित मनसा देवी देवी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में नशे में स्थानीय जनप्रतिनिधि से द्वेष के चलते घटना को अंजाम देने की बात कही है।
बताया कि आरोपी पर लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम आदि धाराएं लगाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गौरतलब है कि 17 सितंबर की सुबह गुमानीवाला में शहीद विकास के नाम पर लगे बोर्ड पर मिट्टी और कीचड़ पुता देख स्थानीय लोगों ने काफी हंगामा भी काटा था।