ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
हाईकोर्ट के आदेश पर टास्क फोर्स की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बाद कुछ लोगों ने दोबारा अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। रेसकोर्स चौक के पास ऐसे ही चार दुकानदारों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने चारों दुकानदारों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पिछले एक महीने से ज्यादा समय से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। प्रशासन ने टास्क फोर्स का गठन कर हजारों दुकानों और मकानों के बाहर अतिक्रमण ध्वस्त किया। कुछ लोगों ने खुद अपने अवैध निर्माण को तोड़कर प्रशासन का साथ दिया, मगर इनमें से कई लोग ऐसे लोग भी रहे, जिन्होंने कुछ दिन बाद ही दोबारा अतिक्रमण कर लिया। एसएसआई कोतवाली अशोक कुमार राठौर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अरुण भंडारी ने रेसकोर्स चौक के पास के दुकानदार विवेक गुप्ता, प्रवीण कुमार, सतीश कुमार और रेणू गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी थी। अभियंता के अनुसार इनकी की दुकानों के बाहर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण तोड़े गए थे, लेकिन इन्होंने दोबारा अतिक्रमण कर लिया है। चारों दुकानदारों के खिलाफ सरकारी भूमि पर कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।