ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में नाबालिग आरोपी को बृहस्पतिवार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया। पुलिस शुक्रवार को बच्ची और उसकी मां के धारा-164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराएगी।
इंसानियत को शर्मसार करने वाली बच्ची से दुष्कर्म की यह घटना 18 जून की है। पीड़ित पक्ष ने बुधवार रात डालनवाला कोतवाली पहुुंचकर इसकी शिकायत की थी। आरोपी की उम्र भी 11 साल बताई गई है। पीड़ित परिवार का आरोप था कि घर में खेलने आए नाबालिग ने इस घटना को अंजाम दिया। घर में उस समय बच्ची की मां नहीं थी। उन्हें घटना का पता काफी देर बाद लगा। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए देर रात दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पदाधिकारियों से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। सीडब्ल्यूसी ने आरोपी नाबालिग से बात कर उसके बयान दर्ज किए। दोपहर बाद नाबालिग को जेजे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह हरिद्वार भेज दिया है। डालनवाला इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि बृहस्पतिवार को बच्ची के मेडिकल की कार्रवाई पूरी कर लिया है। शुक्रवार को पीड़ित बच्ची और उसकी मां के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाएंगे।