ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। सहसपुर थाना पुलिस ने बुधवार को जस्सोवाला चौक से युवती के अपहरण के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से युवती को भी बरामद कर लिया गया है।
उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता ने बताया कि 16 मार्च को थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसकी बेटी का क्षेत्र के ही एक युवक ने अपहरण कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी रितेश निवासी रेडापुर थाना सहसपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम की ओर से कई संभावित स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल पा रहा था। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपी जस्सोवाला चौक के पास है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।