ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कालसी/सेलाकुई। होली के दिन हुए विभिन्न हादसों में छात्र सहित दो की मौत हो गई। वहीं एक युवक घायल हो गया। पहले हादसे में कालसी थाना क्षेत्र में लालढांग पुल से करीब एक किमी आगे टोंस नदी में नहाते समय छात्र की डूबने से मौत हो गई। वहीं, दूसरा हादसा सहसपुर थाना क्षेत्र के छोटा रामपुर मजार के पास हुआ। यहां दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। गंभीर घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष कालसी विपिन बहुगुणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जामनखाता थाना सहसपुर निवासी सक्षम पुंडीर अपने एक दोस्त के साथ टोंस नदी में नहाने गया था। नदी में नहाते समय सक्षम पुंडीर का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में फंस गया। पास ही नहा रहे उसके मित्र सोहेल सज्जाद के हो हल्ला करने पर आसपास मौजूद लोग और लालढांग बैरियर पर नियुक्त पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और सक्षम को बचाने का प्रयास किया। लोगों ने जब तक सक्षम को गहरे पानी से निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि सक्षम को बचाने आए मुकेश चौहान निवासी ग्राम शेरावा चकराता, विनोद चौहान निवासी ग्राम जस्टा चकराता, सुरेंद्र उर्फ सूर्या शर्मा निवासी ग्राम तिपऊ कालसी, अजब सिंह निवासी ग्राम दोहा चकराता और रविंद्र सिंह तोमर निवासी ग्राम सैज चकराता को पुरस्कृत किए जाने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
उधर, सहसपुर थाना क्षेत्र के छोटा रामपुर मजार के पास दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में अनिरुद्ध यादव (25) निवासी आसन बाग हरर्बटपुर विकासनगर और सुल्तान निवासी धामपुर बिजनौर यूपी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर ले जाया गया। इस दौरान गंभीर घायल अनिरुद्ध ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतक के परिवार की ओर से तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।