ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई। सहसपुर थाना पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए अभियान चलाकर 25 मकान मालिकों का चालान कर ढाई लाख रुपये जुर्माना लगाया। जमनपुर, सेलाकुई और रामपुर में सत्यापन अभियान चलाया गया।
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में बाहर से लोग आते हैं। इसके अलावा रेहड़ी और ठेली वाले भी यहां रह रहे हैं। क्षेत्र में कोई व्यक्ति पहचान छिपाकर न रह रहा हो, इसके लिए पुलिस की ओर से एसएसपी के निर्देश पर सत्यापन अभियान चलाया गया। सहसपुर थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि जमनपुर, सेलाकुई और रामपुर में अभियान के दौरान कई लोग किराएदारों का बगैर सत्यापन कराए उन्हें अपने मकानों में ठहराए हुए थे, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई कर ढाई लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मामला लोगों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कोई भी मकान मालिक किराएदार को अपने यहां ठहराने से पहले उनका सत्यापन जरूर कराए। भविष्य में आगे भी अभियान जारी रहेगा।