ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । कोतवाली पुलिस ने रेकी कर घरों में चोरी करने वाले तीन शातिर लोगों को चोरी के सामान समेत गिरफ्तार किया है। चोरी में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है। अभियुक्तों की पहचान रोहित पुत्र सतीश निवासी गणेशपुर थाना गंग नहर रुड़की, हाल पता लाल मंदिर के निकट ज्वालापुर हरिद्वार, विजेंद्र कुमार पुत्र जाति राम निवासी ग्राम सलूनी पीर माजरा देवबंद सहारनपुर हाल निवासी वाल्मीकि बस्ती घास मंडी ज्वालापुर हरिद्वार, रिंकू उर्फ किरण पाल पुत्र घसीटा राम निवासी मोहल्ला कड़छ गली नंबर 3 अंबेडकर मूर्ति के पास ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में हुई हैै। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी पूर्व में भी हत्या, वाहन चोरी, शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।
कोतवाली पुलिस के अनुसार बीते 13 जनवरी को शिकायतकर्ता रविंद्र परमार पुत्र कृपाल सिंह निवासी गली नंबर 9 विस्थापित ऋषिकेश ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायवाला की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास दुकानों व घरों के आने जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सूचना के आधार पर पुलिस ने 27 जनवरी को श्यामपुर फाटक पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोका तो उस पर सवार तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस टीम ने तीनों को पकड़कर तलाशी ली तो उनके पास से एक लाख 70 हजार रुपए नकदी और चोरी का माल बरामद हुआ।
आरोपियों से ये सामान हुआ बरामद
रेकी कर घरों में सेंधमारी करने वाले अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने अलग-अलग जगहों से एलईडी टीवी, लैपटॉप, चार मोबाइल, दो जोड़ा पाजेब, एक घड़ी, तीन नाक की लौंग, एक जोड़ा कड़ा, चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।