- राजा रोड स्थित घर में छापेमारी कर मौके से तीन लोग और दो युवतियां पकड़ीं
ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई। सहसपुर थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की संयुक्त टीम ने कस्बे के राजा रोड स्थित एक घर में छापेमारी कर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से दो युवतियां मिली हैं, जिन्हें इस काम के लिए लाया गया था। मौके से 10500 की नगदी व आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
शनिवार रात में पुलिस को सूचना मिली कि बायखाला राजा रोड सेलाकुई स्थित किराये के मकान में एक दंपति कुछ युवतियों से देह व्यापार करवा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को घर के अलग-अलग कमरों में दो युवतियां और तीन लोग आपत्तिजनक स्थिति में मिले। थानाध्यक्ष नरेश राठौर बताया कि मुक्त कराई गई एक युवती मुरादाबाद और दूसरी सहारनपुर की रहने वाली है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि काम के सिलसिले में सेलाकुई आई थीं। यहां उनकी मुलाकात दीपक कुमार निवासी मोहल्ला भटिया नगर फव्वारा चौक यमुनानगर हरियाणा हाल निवासी बायखाला राजा रोड से हुई, जिसने उन्हें लालच देकर इस धंधे में लगा लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दीपक कुमार के साथ उसकी पत्नी, देवेश्वर नौटियाल निवासी धार कोटी पटवारी व्रत पीपली थाना डूंडा जिला उत्तरकाशी हाल निवासी हरिपुर सेलाकुई, परवेज अली और शहबान अली निवासी भाऊवाला को गिरफ्तार किया गया है। एसओ ने बताया कि मकान मालिक ने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था, इसलिए मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।