ब्यूरा/ेअमर उजाला
सेलाकुई। सहसपुर थाना पुलिस ने छरबा गांव में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और दूसरे का जीवन को खतरे में डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने फायरिंग में प्रयुक्त 12 बोर की एक बंदूक, कारतूस के दो खोखे और शस्त्र लाइसेंस बरामद किया है।
बीते बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि छरबा गांव स्थित एक घर में शादी समारोह की कॉकटेल पार्टी चल रही है। जहां पर एक व्यक्ति बंदूक को बड़ी ही लापरवाही के साथ हवा में लहराकर हर्ष फायरिंग कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उक्त व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। व्यक्ति की पहचान सुनील राणा पुत्र मिलखीराम राणा निवासी मलूकावाला थाना विकासनगर के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि जिस बंदूक से हर्ष फायरिंग की जा रही थी, वह सुनील के बड़े भाई कुलदीप राणा की लाइसेंसी बंदूक है। कुलदीप आर्मी में है। शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है।