ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कोतवाली पुलिस ने लूट की योजना बनाते चार आरोपियों को धर दबोचा। उनके पास से चार खुखरियां बरामद हुई हैं। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ लूट की योजना बनाने और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि बरोटीवाला रोड स्थित टी स्टेट चाय बागान के पास एक सुनसान जगह पर चार लोग लूट की योजना बना रहे हैं। इस पर हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर चारों के पास खुखरियां बरामद हुईं। इस पर पुलिस चारों लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। जहां आरोपियों की पहचान अब्दुल सत्तार पुत्र जहूर हसन, जावेद उर्फ रब्बानी पुत्र नूर हसन, शहजाद पुत्र शमशुद्दीन, नईमुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन चारों निवासी जीवनगढ़ विकासनगर के रूप में हुई है। कोतवाल महेश जोशी ने बताया कि चारों आरोपी नशे के आदी हैं, जो टीम बनाकर क्षेत्र में भ्रमण करते हैं और मौका पाकर लूट, चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। चारों पूर्व में भी लूट, आर्म्स एक्ट, चोरी, गुंडा अधिनियम समेत कई धाराओं में जेल जा चुके हैं। पुलिस टीम में एसआई प्रमोद कुमार, कांस्टेबल मैराज, गीतम, जितेंद्र शामिल रहे।