ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। इंदिरानगर निवासी एक निजी शिक्षण संस्थान के वर्कशॉप प्रभारी से अज्ञात व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर उनके खाते से 10 हजार रुपए की रकम ऑनलाइन साफ कर दी। इसके बाद पीड़ित ने बैंक शाखा पहुंचकर कार्ड को ब्लॉक करा दिया। इसके साथ ही बैंक प्रबंधन से रकम वापसी को पत्र देते हुए पुलिस से भी इस बाबत शिकायत की है।
जानकारी के मुताबिक इंदिरानगर निवासी देवेंद्र को बीते मंगलवार की सुबह अज्ञात मोबाइल नंबर से मोबाइल पर फोन कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का अधिकारी बताया। बातों ही बातों में ठग ने देवेंद्र से उनका कार्ड एक्सपायर होने की बात कहते हुए आवश्यक जानकारियों को हासिल कर लिया। करीब आधे घंटे बाद देवेंद्र के बैंक खाते से पांच-पांच हजार रुपये की रकम दो बार कट गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित सीधे देहरादून मार्ग स्थित बैंक शाखा में पहुंचा।
उन्होंनेे प्रबंधन को ऑनलाइन रकम कटने की जानकारी दी, जिस पर उन्हें ऑनलाइन ठगी का शिकार होने की बात कही गई। उन्होंने बैंक प्रबंधन को पत्र सौंपकर रकम वापस किए जाने की मांग की है। वहीं, कोतवाली पुलिस से भी ठगी की शिकायत कर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलती है, तो उस पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।