भीमताल (नैनीताल)। तल्लीताल के सोल ऑफ सर्विस (एसओएस) बालग्राम से लापता दो छात्राओं में से एक को पुलिस ने काशीपुर में उसकी बड़ी बहन के यहां से बरामद कर लिया है। जबकि, दूसरी छात्रा की खोजबीन जारी है। महिला एसआई प्रेरणा चौधरी ने बताया कि एसओएस बालग्राम से दो छात्राएं बैंक में अकाउंट खोलने की बात बोलकर लापता हो गईं थीं। लापता दोनों छात्राओं को पुलिस लगातार ढूंढ रहीं थीं। मंगलवार को पुलिस को एक लापता छात्रा के काशीपुर में बड़ी बहन के यहां होने की सूचना मिली। इस पर बुधवार को एसआई प्रेरणा चौधरी, एसआई मानवर सिंह ने काशीपुर पहुंचकर उसे बरामद किया। पुलिस ने लापता साथी के बारे में पूछा तो छात्रा ने बताया कि वह पंजाब में एक रेलवे स्टेशन में उससे बिछड़ गई थी। भीमताल में छात्रा ने एसओएस बालग्राम न जाने की बात कही, जिस पर पुलिस ने बालग्राम को सूचना दी। साथ ही एसओएस बालग्राम से कहा कि अगर बच्ची नहीं रहना चाहती है तो उसे परिजनों को सौंप दिया जाए। एसआई प्रेरणा चौधरी ने बताया कि लापता दूसरी छात्रा की भी खोजबीन जारी है।