ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। स्पर्श गंगा अभियान के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक आदर्शनगर में स्पर्श गंगा अभियान के सदस्य रविवार को सफाई अभियान चलाने को लेकर बातचीत करने में जुटे थे। इसी बीच कोतवाली में तैनात बाइक सवार पुलिसकर्मी मौके पर आए। उन्होंने सड़क किनारे खड़े होने पर पहले उन्हें धमकाया और इसके बाद कई सदस्यों को थप्पड़ रसीद कर दिए। पुलिसकर्मियों के इस रवैये से अभियान के सदस्य घबराकर घरों को लौट गए। उन्होंने इसकी शिकायत विभाग के आला अधिकारियों से करने की बात कही है।
गौरतलब है कि स्पर्श गंगा अभियान के सदस्य प्रत्येक सप्ताह त्रिवेणीघाट व अन्य स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हैं। रविवार को रक्षाबंधन पर्व होने के चलते सदस्यों ने सफाई अभियान चलाने के लिए शुक्रवार को आवश्यक बैठक बुलाई थी, जिसमें पुलिसकर्मी भी आ धमके और उनसे मारपीट कर दी। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलती है, तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।