ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बीते शनिवार को त्रिवेणीघाट स्थित आस्थापथ से संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा में बही महिला का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, महिला के माता-पिता ने अभी तक मामले में कोई शिकायत पुलिस से नहीं की है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामसभा खदरी खड़कमाफ केे ग्रामीणों ने एक महिला का शव गंगा किनारे होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ के जवानों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। शिनाख्त के लिए महिला के पति राजपाल भंडारी को मौके पर बुलाया गया। पहचान होने के बाद उपनिरीक्षक दीपक धारीवाल ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि घटनास्थल त्रिवेणीघाट के समीप आस्थापथ है। लिहाजा, संबंधित चौकी पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई है। त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी अरुण त्यागी ने बताया कि फिलहाल मृतका के माता-पिता ने कोई शिकायत नहीं की है। उन्होंने बताया कि महिला मुनिकीरेती क्षेत्र निवासी है। ऐसे में अब अन्य कार्रवाई संबंधित थाना क्षेत्र में ही जाएगी।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को कविता (31) पत्नी राजपाल भंडारी निवासी चौदहबीघा, मुनिकीरेती मूल निवासी तिमली, पट्टी दोगी, टिहरी गढ़वाल संदिग्ध परिस्थितियों में आस्थापथ की रेलिंग से गिरकर गंगा में बह गई थी। घटना के दौरान कविता का पति राजपाल भी उसके साथ था। इसके बाद से पुलिस मामले की जांच और गंगा में कविता की तलाश में जुटी हुई थी।