ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऊर्जा निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान मारपीट और गाली गलौच के मामले में पुलिस ने प्रभारी जेई और दो लाइनमैन पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रायवाला में कार्यरत अवर अभियंता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार को अवर अभियंता नरेश कुमार शैल विहार में निगम की समीक्षा बैठक में पहुंचे थे। इस दौरान प्रभारी जेई कुंवर सिंह भंडारी और लाइनमैन देवमुनि राम व बचन सिंह रावत ने उनसे गाली-गलौच कर दी। तीनों ने मारपीट करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। अवर अभियंता ने पहले इसकी शिकायत अधिशासी अभियंता से की। इसके बाद कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
दोनों लाइनमैन से जवाब तलब
ऊर्जा निगम ने अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने मामले में दो लाइनमैन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। बताया कि दोनों को नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
ऋषिकेश। शैल विहार स्थित निगम के खंड कार्यालय में प्रधानमंत्री हर घर सहज बिजली योजना (सौभाग्य) और विभागीय कामकाज की समीक्षा के लिए अधिशासी अभियंता डीपी सिंह की ओर से बैठक बुलाई गई थी, जिसमें क्षेत्र के उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता और सभी लाइनमैन मौजूद थे। इसी बीच एक प्रभारी जेई व दो लाइनमैन रायवाला में तैनात अवर अभियंता पर बिफर गए। मामला हाथापाई तक पहुंच गया।