ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
कालेकीढाल में एक परिवार के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें कोर्ट ने जेल भेज दिया है। आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि बीते बुधवार को अनिल गुप्ता पुत्र नारायण गुप्ता निवासी कालेकीढाल की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।
बृहस्पतिवार को शुभम, मोहित, सूरज और सोहनलाल सभी कालेकीढाल, ऋषिकेश को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पीड़ित परिवार के साथ बृहस्पतिवार को स्थानीय लोग भारी संख्या में बैराज रोड स्थित विधानसभा अध्यक्ष के कैंप कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल से हस्तक्षेप की मांग की थी। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को कालेकीढाल निवासी अनिल और उसके भाई पवन को पड़ोस में ही रहने वाले आठ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर जख्मी कर दिया था। इस दौरान उनकी बहन और पिता नारायण गुप्ता को भी चोटें आई थी।