ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
शातिर ठगों ने एटीएम कार्ड बदल एक व्यक्ति के खाते से 1.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
इल्ताफ अहमद निवासी केदारावाला ने तहरीर बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 12:30 बजे वह सहसपुर बाजार स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने आया था, लेकिन रुपये नहीं निकले। पास ही खड़े दो लड़के यह सब देख रहे थे। उन्होंने मदद के नाम पर उसका एटीएम स्वाइप किया। जिसके बाद उन्होंने उसे पिन कोड डालने के लिए कहा। इस तरह उसने आरोपियों की मदद से करीब तीन बार एटीएम स्वाइप कर कुल 15000 रुपये निकाले। कहा रुपये निकालने के बाद आरोपियों ने उसे एटीएम वापस कर दिया। रात करीब 11:45 बजे मोबाइल पर रुपये निकालने के लगातार तीन मैसेज मिले। उसने चैक किया तो उसके खातों से तीन किश्तों में 15-15 और 40 हजार रुपये निकाले गए थे। इसके बाद उसके मोबाइल पर पैसे ट्रांसफर का मैसेज आया। जिसके तहत उसके खाते से किसी अन्य व्यक्ति के खाते में 80 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। यह देख उनके होश उड़ गए। उसने जेब में रखा एटीएम चैक किया तो वह किसी सुरेंद्र सिंह के नाम के व्यक्ति का निकला। जिसके बाद उसने आनन-फानन में एटीएम को ब्लॉक करा घटना की जानकारी पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला कि रुपये को चंडीगढ़ स्थित एटीएम से निकाला गया है। जिस बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए। वह भी पूरी तरह से फर्जी है। उक्त अकाउंट में रुपये ट्रांसफर करने के चंद मिनटों बाद ही निकाल लिए जाते हैं।