ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर थाना पुलिस ने ढाबों और रेस्टारेंट में शराब पीने और पिलाने पर पांच रेस्टोरेंट मालिकों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी को आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
लंबे समय से थाना पुलिस को क्षेत्र स्थित ढाबों और रेस्टोरेंट में चोरी छिपे शराब पिलाए जाने की शिकायत मिल रही है। जिस पर शुक्रवार की रात को पुलिस ने सेलाकुई मुख्य बाजार स्थित हाइवे रेस्टोरेंट, क्वालिटी चिकन कॉर्नर, जोशी भोजनालय, रेस्टोरेंट रावत भोजनालय और तारा रेस्टोरेंट पर छापामार अभियान चलाया। इन सभी रेस्टोरेंट में ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। जिस पर पुलिस ने पांचों रेस्टोरेंट मालिकों के साथ ही दुकान पर शराब पीने वाले छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि अवैध रूप से शराब पिलाने पर हाईवे रेस्टोरेंट के मालिक पुरुषोत्तम जोशी पुत्र महानंद जोशी निवासी राजावाला सहसपुर, क्वालिटी चिकन कॉर्नर के मालिक सुनील जोशी पुत्र मायाराम जोशी निवासी लंबगांव टिहरी हाल निवासी जमनपुर सहसपुर, जोशी भोजनालय के मालिक कैलाश जोशी पुत्र लखीराम निवासी सेलाकुई, रेस्टोरेंट रावत भोजनालय के मालिक पुष्कर रावत पुत्र देवेंद्र रावत निवासी अस्पताल रोड विकासनगर और तारा रेस्टोरेंट के मालिक जसवंत पुत्र किशन निवासी जमनपुर सहसपुर को गिरफ्तार किया गया है।