ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
टिहरी जिले के चंबा में हुई बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 16 पहुंच गई है। शनिवार सुबह एम्स में भर्ती घायलों में से एक और युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि इस बाबत टिहरी प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब आठ बजे एम्स में भर्ती सड़क हादसे के घायल मनोज शाह (28) पुत्र पन्नालाल शाह निवासी बनोरा बाजार, पडुवा, पश्चिमी चंपारण, बिहार की मौत हो गई।
एम्स प्रशासन ने घटना की जानकारी आईडीपीएल चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। गौरतलब है कि बीते बृहस्पतिवार को हुई बस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई थी। बीते शुक्रवार को अशरफ अली (29) पुत्र उमर मियां निवासी ग्राम सरगटिया, जिला बेतिया, बिहार की भी एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि शनिवार को दुर्घटना में एक अन्य घायल मनोज ने दम तोड़ दिया। एम्स प्रशासन ने इलाज के बाद दो लोगों को छुट्टी दे दी है। 10 घायल अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका उपचार संस्थान में चल रहा है।