ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
चंबा उत्तरकाशी मोटरमार्ग पर किरगीणी के निकट हुई रोडवेज बस दुर्घटना के रेफर 14 घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है, जहां उनका चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी है। घायलों में सीमा 24 पुत्री आनंद सिंह बिष्ट निवासी घनसाली, मनोज शाह पुत्र पन्नालाल शाह, पश्चिमी चंपारण, बस चालक रघुवीर निवासी रुड़की, कंडक्टर सत्यपाल निवासी सैनिक कॉलोनी हरिद्वार, ममता अलीगढ़, लोकेश 30 अलीगढ़, आयांश 4 पुत्र लोकेश अलीगढ़, रहमान पुत्र मो. अनवर बेतिया बिहार, आदित्य पुत्र सुरेश हरिपुरकलां, कुसुम पुत्री सुरतम टिहरी, लक्ष्मी रमोलागांव, टिहरी और शिव कुमार शामिल हैं। इसके अलावा दो अज्ञात घायलों को भी एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार शाम को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने एम्स पहुंचकर हादसे में गंभीर घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने एम्स निदेशक प्रोफेसर डॉ. रवि कांत व अन्य चिकित्सकों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की और घायलों को बेहतर उपचार देने को कहा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि वह सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से देहरादून के लिए निकल रहे थे, तभी उन्हें बस दुर्घटना की जानकारी मिली। उस वक्त तक दुर्घटना स्थल पर स्थानीय लोगों के अलावा कोई नहीं पहुंच पाया था। इस बीच उन्होंने दुर्घटना के बाबत जिलाधिकारी टिहरी से बातचीत की तो वह रास्ते में थीं, उन्हें बताया गया कि एसडीएम घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि दुर्घटना में 14 यात्रियों की मौत हुई है जबकि 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि सरकार घायलों का उपचार करेगी। दुर्घटना के कारण अभी बता पाना संभव नहीं है। सरकार की पहली जिम्मेदारी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की थी, जिसके लिए दो हेलीकॉप्टर लगाए गए थे। हेलीकॉप्टर से ही घायलों को एम्स पहुंचाया गया।
निगम ने घायलों को दी फौरी आर्थिक सहायता
चंबा के समीप हुए रोडवेज बस हादसे के एम्स में भर्ती घायलों को उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से तत्काल राहत के तौर पर दस-दस हजार की नकद आर्थिक सहायता सौंपी गई। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद एम्स पहुंचे निगम के अधिकारियों ने संस्थान में भर्ती घायलों व उनके तीमारदारों को दस-दस हजार रुपये प्रतिव्यक्ति नकद आर्थिक सहायता दी। इस दौरान निगम के सहायक महाप्रबंधक देहरादून प्रतीक जैन, केंद्र प्रभारी देहरादून अजीत सिंह, केंद्र प्रभारी ऋषिकेश हरेंद्र कुमार, मदन पाल वर्मा, संजय कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
उपचार में 100 डॉक्टरों की टीम तैनात
एम्स निदेशक डॉ. रवि कांत ने बताया कि बस हादसे के घायलों के उपचार में एक्टिव ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही दुर्घटना के घायलों को एम्स में लाने की सूचना मिली, हमने अपनी तीनों एंबुलेंस को आईडीपीएल हेलीपेड के लिए भेज दिया। निदेशक ने बताया कि संस्थान में 14 मरीज आए हैं, जिनमें से दो रोगियों की स्थिति अत्यधिक गंभीर है। बस हादसे के संस्थान में भर्ती घायल मरीजों के उपचार के लिए एम्स ने करीब 100 डॉक्टरों की टीम को लगाया है। जितने भी रोगी संस्थान में आएंगे सबको भर्ती किया जाएगा और इमरजेंसी में सभी रोगियों का ट्रीटमेंट फ्री किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में किसी भी रोगी से उपचार शुल्क की बातचीत नहीं की जाएगी।