ब्यूरो/ अमर उजाला, विकासनगर।
डाकपत्थर चौकी पुलिस ने देवीथला कटापत्थर स्थित सिद्धपीठ भद्रकाली मंदिर से गायब हुए महंत जमुना गिरी महाराज की तलाश तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस ने डॉग स्क्वाइड और फोरेंसिक टीम के साथ मंदिर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। महंत की खोजबीन के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही आसपास के राज्यों में भी महंत की तलाश की जा रही है।
मालूम हो कि महंत को आखिरी बार बीते 9 जुलाई की रात अपने कमरे में जाते देखा गया था। इसके बाद महंत के शिष्य दिगंबर राजगिरी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने की कोशिश की, तो पता चला कि जिस दौरान महंत कमरे से गायब हुए उस दौरान सीसीटीवी कैमरा ऑफ था। मामले में दिगंबर राजगिरी ने गांव के ही कुछ लोगों पर महंत के अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था।
वहीं ग्रामीणों ने दिगंबर राजगिरी पर ही महंत के अपहरण में शामिल होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि महंत ने दिगंबर राजगिरी के नाम की गई मंदिर की संपत्ति को वापस लेने की बात कही थी। इसके बाद से दिगंबर राजगिरी और उसके साथी काफी गुस्से में थे। उन्होंने महंत को धमकी दी कि थी कि यदि संपत्ति को वापस लिया तो अंजाम बुरा होगा।
डाकपत्थर चौकी प्रभारी शमशेर अली ने बताया कि महंत की तलाश जारी है। टीम ने कमरे में मौजूद फिंगर प्रिंट उठाए हैं।