ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। स्कूल बस और बाइक की आमने सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण हुई बाइक सवार दो युवक बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों पहुंचाने पर चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसा सुबह आठ बजे कोतवाली के अंर्तगत शुगर मिल रोड पर हुआ। तेज बारिश के दौरान बाइक सवार दो युवक डोईवाला चौक की ओर से आ रहे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही एक स्कूल बस से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर होने से बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दुघर्टना होते ही लोग दौड़ पड़े और बाइक सवार दोनों घायलों को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट भिजवाया जिसमें से एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह गुंसाई ने बताया की दुघर्टना में आसिफ 20 पुत्र कासिम निवासी तेलीवाला की मौत हो गई। जबकि फरहान 17 पुत्र अजीज निवासी तेेलीवाला गंभीर रूप से घायल हो गया। फरहान की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बस चालक मौके से फरार हो गया। बस को कब्जें में लेकर कोतवाली में खड़ा करा लिया गया है। स्कूल बस में सवार बच्चों को स्कूल भिजवा दिया गया था। बताया गया कि दोनो युवक मौसेरे भाई है। डोईवाला से जिम कर वापस लौट रहे थे। आसिफ की मौत से घर में कोहराम मच गया है। युवक की मौत से पूरे गांव में मातम बना हुआ है।