देवाल। ब्लाक के पलबरा मोटर मार्ग पर डामरीकरण घोटाले में जांच अधिकारी एसडीएम रोहित मीणा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की संस्तुति रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है।
बता दें कि क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह ने पलबरा रोड पर निर्माण कार्य की सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी थी। इसमें सड़क पर 1700 मीटर डामर होना दिखाया गया। इस पर करीब 28 लाख खर्च किए गए, लेकिन सड़क पर डामर नहीं होने के चलते ग्रामीणों ने यहां घोटाले की आशंका जताते हुए जांच की मांग की। इस पर उपजिलाधिकारी रोहित मीणा के नेतृत्व में सड़क की जांच की गई। जांच के दौरान सड़क पर महज 6.44 लाख में सोलिंग और पुश्ते बनाए गए। बाकी धनराशि को बिना अनुमति के ईंधन, विश्राम गृह मरम्मत के अलावा अन्य विभागीय कामों में व्यय किया गया। एसडीएम रोहित मीणा ने बताया कि इस मामले में बिना अनुमति के सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। इस पर लोनिवि के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की संस्तुति रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।