ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
श्यामपुर में महिला से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस बाइक मालिक के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर सकती है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को श्यामपुर निवासी एक युवक ने निजी बाइक को किराए पर दिया था, जोकि नियम विरुद्ध है। लिहाजा उस पर एमवी एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। बीते माह 28 जून को कृष्ण विहार कॉलोनी, श्यामपुर निवासी बुजुर्ग महिला सरोजबाला के गले से चेन उड़ाने वाले दो युवकों को पुलिस ने बीते सोमवार को दबोच लिया था। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि आरोपियों से मिली बाइक को उन्होंने श्यामपुर बाजार से ही किराए पर लिया था।
श्यामपुर चौकी प्रभारी दीपक धारीवाल के अनुसार मंगलवार को पुलिस के हत्थे चढ़े नाबालिग और युवक को मंगलवार को अलग-अलग कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान आरोपी को न्यायालय ने जेल भेज दिया। जबकि बाल न्यायालय ने नाबालिग को बाल सुधार गृह हरिद्वार भेजा है। गौरतलब है कि पुलिस ने चेन लूट में शामिल आरोपी संदीप पाठक पुत्र रामकुमार पाठक निवासी बीआई बाजार, बरेली कैंट, यूपी हाल निवासी लक्कड़घाट रोड, श्यामपुर व एक नाबालिग को मंशा देवी रेलवे फाटक से चेकिंग में बाइक समेत पकड़ा था। उनसे महिला से लूटी गई सोने की चेन के दो और पटेलनगर में वृद्ध से झपटी चेन का एक टुकड़ा बरामद हुआ था।