ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
यमुना नदी में डूबे युवक का शव पुलिस ने बुधवार को जल पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से घटना स्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
मालूम हो कि मंगलवार को रोहित बिष्ट (18) पुत्र नरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी मसूरी अपने चार दोस्तों के साथ कैंपटी और कालसी थाना क्षेत्र से सटे यमुना पुल पर घूमने के लिए आया हुआ था। वह दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी में उतरा हुआ था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नदी में डूबकर तेज धारा में लापता हो गया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कालसी थाना पुलिस ने उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया था। लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लग सकी थी। बुधवार की सुबह पुलिस ने एसडीआरएफ और जल पुलिस की मदद से युवक के शव को घटना स्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष ऋतुराज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।