ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आसनपुल के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई। जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि, दूसरे को हालत बिगड़ने पर देहरादून स्थित श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 5:30 बजे आकाश तोमर(19) पुत्र श्याम सिंह अपने दोस्त मुकेश (21) पुत्र बाबू सिंह दोनों निवासी निवासी रामगढ़ शेरपुर थाना सहसपुर के साथ बाइक में सवार होकर धर्मावाला से हरबर्टपुर की ओर जा रहे थे। आसनपुल के पास उनकी बाइक स्लिप हो गई। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी वाहन की मदद से लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान आकाश की मृत्यु हो गई जबकि, मुकेश को हालत गंभीर होने पर देहरादून स्थित श्री महंत इंदिरेश अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, धर्मावाला चौकी प्रभारी रंजीत खनेड़ा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।