ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
सहसपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह पेशे से डॉक्टर बताया गया है। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सोमवार को एक युवती ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि वह करीब सात-आठ माह पूर्व सेलाकुई स्थित एक अस्पताल में दवाई लेने के लिए गई थी। जहां उसकी मुलाकात डॉ. उवैस (53) से हुई थी। तब डॉक्टर ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। उसके बाद उसकी आरोपी से बातचीत होने लगी। जिसके बाद आरोपी ने उसके घर भी आना-जाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि उवैस ने इस दौरान उसे दुराचार किया। जब विरोध किया तो आरोपी ने उससे शादी का वादा किया। उसका कहना है कि कुछ दिन बाद आरोपी ने उससे शादी कर ली। कुछ दिनों तक वे साथ रहे। आरोप है कि कुछ दिन पहले उवैस उसे छोड़कर भाग गया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सोमवार की रात आरोपी को मियांवाला से गिरफ्तार कर लिया। वह दिल्ली का रहने वाला बताया गया है। वह डोईवाला के मियांवाला में किराए पर रहता था।